भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने वीकेंड में राजधानी दिल्ली के लिए 'भीषण लू' (Severe Heatwave) की चेतावनी जारी की है क्योंकि दिल्ली में इन दिनों तापमान 40-46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग ने कहा कि 14 और 15 मई को पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अलग-अलग इलाकों में लू और भीषण लू की स्थिति बने रहने की संभावना है। इसी प्रकार 14 मई को उत्तर प्रदेश में 15 मई को कुछ अलग-अलग भागों में लू की स्थिति बनी रहेगी।
पंजाब और हरियाणा के लिए भी भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी के मौसम विज्ञान महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि तापमान इन दिनों सामान्य से बहुत अधिक है। उन्होंने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और विदर्भ में भीषण लू चल रही है। तापमान 40-46 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जो सामान्य तापमान से ऊपर है।
महापात्रा ने बताया कि लू आज और कल जारी रहेगी और 15 मई की रात को उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण 16 मई से धीरे-धीरे कम होगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कमी आएगी और लू में कमी आएगी।
गौरतलब है कि 1 मई को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बढ़ते तापमान के बीच गर्मी से संबंधित मुद्दों के प्रभावी प्रबंधन के लिए सभी जिलों में गर्मी से संबंधित बीमारियों पर राष्ट्रीय कार्य योजना का प्रसार करने का आग्रह किया था।
0 टिप्पणियाँ