भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचेंगे भूपेंद्र चौधरी, स्वागत के लिए भगवामय हुई राजधानी



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भूपेंद्र सिंह चौधरी सोमवार को पहली बार लखनऊ पहुंच रहे हैं। इनके भव्य स्वागत के लिए पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को भगवामय कर दिया है। जगह-जगह तोरणद्वार बनाए गए हैं जहां पर उन्हें मालाएं पहनाने के साथ ही पुष्पवर्षा का इंतजाम है। लखनऊ में कदम रखते ही उनकी यात्रा का पड़ाव हर उस स्थान पर होगी, जहां पर महापुरुषों की प्रतिमाएं लगी हैं। इन स्थलों को सलीके से सजाया गया है। 

प्रदेश अध्यक्ष शताब्दी एक्सप्रेस से दोपहर 12.30 बजे लखनऊ पहुंचेंगे। नई दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस से चलकर लखनऊ पहुंचने के दौरान रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने बताया है कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत व पदभार ग्रहण कार्यक्रम को अभूतपूर्व बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

चारबाग रेलवे स्टेशन से अटल चौक के यात्रा मार्ग को तोरणद्वार व पताकाओं से सुजाया गया है। यात्रा मार्ग में पार्टी के पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, आयोग, निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहेंगे। पार्टी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत पुष्प वर्षा व मालाएं पहना कर किया जाएगा। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय को साज-सज्जा के साथ ही भव्य मंच के साथ प्रदेश अध्यक्ष की अगवानी के लिए तैयार कर दिया गया है। 

प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी लखनऊ आने पर पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृतिका पर अंत्योदय के प्रणेता को पुष्पार्चन करके पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा राज्य मुख्यालय की ओर बढेंगे। यात्रा मार्ग में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि देने के बाद लोकभवन में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन करेंगे। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, महारानी अवन्ती बाई, अटल चौक स्थित भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पार्चन करते हुए भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों को पुष्प मालाओं व पताकाओं से सलीके से सजाया है। उत्साह, उमंग से सरावोर कार्यकर्ता ढोल, नगाड़ों के साथ पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को ऐतिहासिक बनाने का काम करेंगे।

सुब्रत पाठक ने बताया है कि पार्टी मुख्यालय पर स्वागत कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के साथ ही केन्द्र सरकार के मंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Notifications Powered By Aplu