सुर ताल संग ललित कला की हुई जुगलबंदी, शान से निकली तिरंगा यात्रा
रिपोर्ट: प्रतीक जायसवाल
वाराणसी। बरियासनपुर , चिरईगांव स्थित महादेव पीजी कॉलेज में चल रहे आजादी के अमृत महोत्सव के 15 वें दिन तीन बड़े कार्यक्रम सम्पन्न हुए। कॉलेज परिसर से शनिवार को छात्र, छात्राओं द्वारा विशाल तिरंगा यात्रा का शुभारंभ नायब तहसीलदार शालिनी सिंह ने किया। तिरंगा रैली रिंग रोड होते सियों गांव स्थित काली मंदिर मार्ग से पुनः कॉलेज में आकर समाप्त हुई। इस दौरान रास्ते में पड़े सैकड़ों घरों में तिरंगा झंडा भी लगाया गया। रैली में शामिल छात्र, छात्राएं भारत माता की जय, वंदे मातरम,जय हिंद का उद्घोष करते चल रहे थे।
इसी क्रम में संगीत विभाग के विभागाध्यक्ष धीरेंद्र तिवारी के संयोजन में गायन वादन एवं नृत्य प्रतियोगिता में सुर , लय, ताल की ऐसी गंगा बही कि तमाम दर्शक देर तक उसमें डुबकी लगाते रहे। इस दौरान संगीत विभाग की छात्रा शिरीन की टीम द्वारा प्रस्तुत कजरी ने ऐसा शमा बांधा कि सब वाह वाह कर उठे।
पत्रकारिता के छात्र जितेंद्र ने भी शानदार गीत सुनाया तो बीएड की अंजली तिवारी, श्रेया आदि ने पर ऐसा नृत्य किया कि लोग तालियां ही बजाते रह गए। देश भक्ति से ओतप्रोत अनगिनत गीतों पर लोग झूमते रहे। इसी क्रम में ललित कला विभाग के गुलशन सोनकर,अंजली मौर्य के संयोजन में कला प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रख्यात लेखिका डॉक्टर मुक्ता ने किया। उन्होंने कहा कि महादेव पीजी कॉलेज में गीत, संगीत व कला का अद्भुत संगम है।
वाराणसी तो साहित्य, कला, संगीत की उर्वरा भूमि रही है। अतिथियों का स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य डॉक्टर दयाशंकर सिंह ने किया। संचालन डॉक्टर गौरव मिश्र ने किया।
इस अवसर पर डॉक्टर रेखा सिंह, डॉक्टर संजय मिश्रा, विनोद सिंह, डॉक्टर लोकनाथ पांडेय, डॉक्टर मारुत नंदन मिश्र, अवनीश सिंह,आशीष मिश्र , स्वतंत्र प्रकाश, डॉक्टर राजेश, डॉक्टर मोहन सिंह, डॉक्टर निर्मल सिंह, डॉक्टर किरण सिंह, दिनेश मौर्य, धर्मेंद्र कुमार, डॉक्टर पुनीत पाठक, दिव्या तिवारी,अभिषेक मिश्र, समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉक्टर आशीष श्रीवास्तव,डॉक्टर गौतम सक्सेना, डॉक्टर प्रतिभा सिंह, डॉक्टर अबरार अहमद रहे।
0 टिप्पणियाँ