भाजपा ने अयोध्या उपचुनाव के लिए चार मंत्रियों को मैदान में उतारा, जीत की रणनीति पर मंथन

मीडिया से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही


अयोध्या की रिक्त मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने चार मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी, आज अयोध्या में बैठक कर जीत की रणनीति बनाई।


लोकसभा चुनाव के बाद अयोध्या की रिक्त हुई मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को भाजपा ने प्रतिष्ठा बना लिया है। इसीलिए भाजपा संगठन ने मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए प्रदेश के चार मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। 


मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा आज अयोध्या में बैठक कर रही है। प्रदेश सरकार के चार मंत्री - कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, संसदीय कार्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, खाद्य एवं रसद मंत्री सतीश शर्मा व खेल मंत्री गिरीश यादव अयोध्या पहुंचे। 


इसके बाद भाजपा कार्यालय में मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर बैठक की गई और जीत की रणनीति तैयार की गई। मीडिया से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि अयोध्या की हार बेहद दुखद है और भाजपा को एक आघात लगा है। जो कमियां रही हैं, उनको ठीक करने का प्रयास जारी है।


लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार पर सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि विपक्ष ने जनता को गुमराह किया और संविधान बदलने की गलत अफवाह फैलाई। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 1975 में इमरजेंसी लगाकर पूरे देश को कारागार में बदल दिया था। 


उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 से पूर्ण बहुमत की सरकार चला रहे हैं और 2019 में इससे भी अधिक बहुमत मिला। अगर उन्हें संविधान बदलना होता तो उस समय भी बदल सकते थे, लेकिन उनका ऐसा कोई इरादा नहीं रहा। 



संसद की चर्चा में बहुत चीजें साफ हो चुकी हैं कि विपक्ष ने कितने झूठ और फरेब से जनता को गुमराह कर वोट लिया। फिर भी वे 100 सीटें पार नहीं कर सके।

इनपुट : एजेंसी

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ