हाथरस भगदड़: मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर की चौंकाने वाली कुंडली, 10 साल से भोले बाबा समिति में सक्रिय



सिकंदराराऊ हादसे के मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर के जीवन की कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। देव प्रकाश करीब 10 वर्ष पूर्व एटा जिले के अवागढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत सलेमपुर गादरी के मजरा सलेमपुर को छोड़कर सिकंदराराऊ में आकर बस गए थे। वर्तमान में वह सिकंदराराऊ के मोहल्ला दमदपुरा नई कॉलोनी में रह रहे हैं।

देव प्रकाश सिकंदराराऊ में मनरेगा में तकनीकी सहायक के रूप में तैनात हैं। हादसे के बाद, उनके खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई की तैयारी भी शुरू हो गई है। भोले बाबा की मानव मंगल मिलन सद्भावना समागम समिति से जुड़ने के बाद देव प्रकाश को मुख्य सेवादार की जिम्मेदारी दी गई थी। सिकंदराराऊ के फुलरई मुगलगढ़ी में हुए सत्संग की अनुमति भी देवप्रकाश ने ही उपजिलाधिकारी से ली थी, जिसके कारण हादसे के बाद से वह पुलिस के रडार पर थे।

देव प्रकाश की मां ब्रह्मा देवी और पिता राम सिंह अभी भी अवागढ़ के गांव सलेमपुर में स्थित पैतृक मकान में ही रहते हैं। देवप्रकाश का बड़ा भाई अखिलेश कुमार निधौली कलां स्थित विद्युत निगम में लाइनमैन के पद पर कार्य करता है। पैतृक गांव में रहते हुए ही देवप्रकाश नारायण साकार हरि बाबा के सत्संग से जुड़े थे और सिकंदराराऊ में आने के बाद भी सत्संग के कार्यों में सक्रिय रहे।

वर्तमान में देव प्रकाश का घर पुलिस के कई बार दबिश देने के बावजूद ताला लगा हुआ है। सत्संग में उनकी लगन और मेहनत को देखते हुए उन्हें मुख्य सेवादार की जिम्मेदारी दी गई थी। अब यह देखना होगा कि हादसे के बाद देव प्रकाश का भविष्य क्या मोड़ लेता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ