रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली AIIMS में भर्ती



रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में रखा गया है और अभी भी वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। सूत्रों के अनुसार, उन्हें बैक पेन की शिकायत के बाद एम्स के न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उनकी स्थिति बेहतर है। एम्स ने आधिकारिक तौर पर उनके स्वास्थ्य को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।

चुनाव के दौरान भी बिगड़ी थी तबीयत

राजनाथ सिंह को बुधवार देर रात को कमर में दर्द की वजह से दिल्ली के एम्स में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया है और कल अस्पताल से डिस्चार्ज होने की संभावना है। इससे पहले भी चुनाव के दौरान आंध्र प्रदेश में उन्हें इस तरह की शिकायत हुई थी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता

राजनाथ सिंह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। वह भाजपा अध्यक्ष और केंद्र की मोदी सरकार में केंद्रीय गृह मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं।

जन्मदिवस पर शुभकामनाएं

10 जुलाई को राजनाथ सिंह ने अपना 73वां जन्मदिवस मनाया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें ट्विटर पर शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर उन्हें मंत्रिमंडल का एक मूल्यवान सहयोगी बताया। उन्होंने कहा, "एक ऐसे नेता, जिनका उनकी बुद्धिमत्ता के लिए व्यापक सम्मान है। कड़ी मेहनत और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता के आधार पर वह सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़े हैं। वह भारत के रक्षा तंत्र को मजबूत करने और हमारे देश को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की अगुवाई कर रहे हैं। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ