दुष्यंत चौटाला का आरोप: BJP चुनाव से घबराकर तारीख बदलवाने के लिए चुनाव आयोग पर दबाव डाल रही है। प्रदेश में अपराध भी बढ़े।
जींद: हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी (जजपा) के नेता दुष्यंत चौटाला ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि BJP चुनाव से घबरा गई है और इसी घबराहट के चलते चुनाव की तारीख को टालने का प्रयास कर रही है। दुष्यंत का कहना है कि चुनाव आयोग ने एक बार तारीख घोषित कर दी तो उसमें बदलाव नहीं होता, लेकिन BJP अपनी हार की आशंका से घबराकर चुनाव आयोग को पत्र लिखकर तारीख बदलवाने का प्रयास कर रही है।
दुष्यंत चौटाला ने यह बयान जींद में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि BJP प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर चुनाव की तारीख बदलवाने का प्रयास किया है, जो कि यह दर्शाता है कि पार्टी चुनावी मुकाबले से कितनी डरी हुई है।
जजपा नेता ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में हरियाणा में अपराधों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है, जिससे आम जनता में भय का माहौल है।
दुष्यंत चौटाला ने चौधरी बिरेंद्र सिंह और उनके बेटे पूर्व सांसद ब्रिजेंद्र सिंह पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें अब घर बैठा दिया गया है। अपने चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि वह उचाना से चुनाव लड़ेंगे और जीतकर दिखाएंगे।
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के दस वर्षों के शासनकाल को भी याद दिलाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने उस दौर में किस तरह क्षेत्रवाद का बोलबाला देखा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में क्षेत्रवाद चरम पर था, जिससे प्रदेश की जनता भली-भांति परिचित है।
दुष्यंत चौटाला के इस बयान से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है और BJP पर बढ़ते दबाव के बीच चुनावी माहौल और गरमाने की संभावना है।
0 टिप्पणियाँ