छत्तीसगढ़: कांग्रेस का मौन प्रदर्शन, मुंह पर काली पट्टी बांधकर महिला सुरक्षा की मांग



छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने महिला सुरक्षा को लेकर मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन प्रदर्शन किया, सरकार की कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल।

विश्व मीडिया आरकेसोनी वरिष्ठ पत्रकार छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़, 3 सितंबर 2024: छत्तीसगढ़ में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मौन प्रदर्शन का आयोजन किया। रायपुर के राजीव गांधी चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस मौन प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।


नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने इस अवसर पर कहा, "छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के आठ महीने के कार्यकाल में महिलाओं पर अत्याचार के 6000 से अधिक मामले सामने आए हैं। यह सरकार की नाकाम कानून व्यवस्था का परिणाम है। राज्य में भय का माहौल बना हुआ है, जहां महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।"


प्रदर्शन में पूर्व विधायक सत्यनारायण शर्मा, राज्यसभा सांसद फूलों देवी नेताम, गिरीश दुबे, विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, ऐजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में तख्तियां लेकर महिलाओं पर हो रहे अत्याचार और सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ नारे लिखे हुए थे।


कांग्रेस ने यह मौन प्रदर्शन प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भाजपा सरकार को इस गंभीर मुद्दे पर जागरूक करने के उद्देश्य से किया। कांग्रेस का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द ही इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया तो वे और भी बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ