गिरौदपुरी से कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा शुरू, कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा, 130 किमी पैदल मार्च!



कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा गिरौदपुरी से शुरू, कानून व्यवस्था पर सवाल। दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेता 130 किमी पैदल मार्च करेंगे।

विश्व मीडिया से आर.के.सोनी वरिष्ठ पत्रकार छत्तीसगढ


रायपुर, 27 सितंबर 2024: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की न्याय यात्रा का शुभारंभ गिरौदपुरी धाम से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। यह 6 दिवसीय यात्रा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में निकाली जा रही है, जो प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन है। यात्रा के दौरान कांग्रेस के बड़े नेताओं ने प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था की बहाली की कामना की।

यात्रा से पहले पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने शिवरी नारायण में भगवान श्री राम और माता शबरी के मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वे सोनाखान पहुंचे और शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मस्थली पर श्रद्धांजलि दी। यात्रा की शुरुआत में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, सांसद ज्योत्सना महंत, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, और कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे।

न्याय यात्रा का उद्देश्य:

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह यात्रा भाजपा सरकार की विफलताओं और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने के लिए है। उन्होंने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए कि वह जनता की सुरक्षा करने में असफल रही है। बलात्कार, सामूहिक बलात्कार, और जिंदा जलाने जैसी घटनाओं ने आम जनता को भयभीत कर दिया है। भाजपा सरकार आपराधिक घटनाओं को रोकने की बजाय उन्हें छुपाने में लगी है।

कवर्धा में पुलिस की मौजूदगी में एक व्यक्ति को जिंदा जलाए जाने और बलौदाबाजार में निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी जैसे मामलों ने राज्य की स्थिति को और भी चिंताजनक बना दिया है। दीपक बैज ने कहा, "हमारी यात्रा का उद्देश्य जनता की पीड़ा को आवाज देना और निकम्मी सरकार को जगाना है। जब तक छत्तीसगढ़ का एक भी नागरिक असुरक्षित है, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।"

पहले दिन की यात्रा:

पहले दिन की यात्रा कुल 20.7 किमी चली। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आमोदी में दोपहर का भोजन किया और रात्रि विश्राम कसडोल में किया। दूसरे दिन की यात्रा लवन से शुरू होगी और यह 6 दिनों में कुल 130 किमी की दूरी तय करेगी।

यात्रा में पूर्व मंत्री प्रेम साय सिंह टेकाम, कवासी लखमा, और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम टेकाम सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ