कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने राधिका खेरा पर साधा निशाना, भाजपा के इशारे पर काम करने का लगाया आरोप



वंदना राजपूत ने राधिका खेरा पर आर्थिक स्वार्थ और भाजपा के इशारे पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला।

विश्व मीडिया से आर.के.सोनी वरिष्ठ पत्रकार छत्तीसगढ़

रायपुर/09 सितंबर 2024।  प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने भाजपा में शामिल हुई राधिका खेरा पर तीखा हमला बोला है। वंदना ने आरोप लगाया कि राधिका अपने परिवार के आर्थिक हितों को साधने के लिए मिथ्या प्रचार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बढ़ते महिला अपराधों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस तरह की साजिशें रच रही है। प्रदेश में बीते आठ महीनों में 600 से अधिक बलात्कार की घटनाएं हो चुकी हैं, जबकि महिलाओं पर 3000 से अधिक अपराध दर्ज हुए हैं। भिलाई में 4 साल की बच्ची और राजधानी रायपुर में एक गैंगरेप की घटना ने सभी को झकझोर दिया है। इसके बावजूद भाजपा इन मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है और महिलाओं पर हो रहे अपराधों को जायज ठहराने की कोशिश कर रही है।

राधिका खेरा पर आरोप

वंदना ने कहा कि राधिका खेरा का कांग्रेस पार्टी से भाजपा में जाना केवल उनके परिवार के आर्थिक स्वार्थों के चलते हुआ है। उन्होंने कहा कि राधिका ने कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाए और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करने की कोशिश की। वंदना ने सवाल उठाया कि यदि राधिका सही थीं, तो उन्होंने सुशील आनंद शुक्ला के नार्को टेस्ट की चुनौती स्वीकार क्यों नहीं की? उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राधिका को बहुत कुछ दिया था, जिसमें दिल्ली विधानसभा टिकट और मीडिया कॉर्डिनेटर का पद भी शामिल था, बावजूद इसके राधिका ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया।

भाजपा के इशारे पर रच रही साजिश

वंदना ने राधिका पर भाजपा के इशारे पर काम करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राधिका ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की। वंदना ने यह भी कहा कि भाजपा के नेता, जिन्होंने कभी राधिका का अपमान किया था, अब उन्हें गले लगा रहे हैं, जो उनकी अवसरवादिता को दर्शाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ