छत्तीसगढ़ में त्योहार के समय ट्रेनें रद्द, महिलाओं को हो रही परेशानी: वंदना राजपूत




तीजा पर्व में ट्रेनों के रद्द होने से महिलाएं मायके नहीं जा पा रहीं। वंदना राजपूत ने भाजपा की नीतियों पर कड़े सवाल उठाए।

विश्व मीडिया आरकेसोनी वरिष्ठ पत्रकार छत्तीसगढ़

रायपुर, 05 सितंबर 2024। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत ने भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि त्योहारों के समय विशेष रूप से ट्रेनों का रद्द होना अब एक परंपरा बन गई है। तीजा त्यौहार के मौके पर महिलाएं अपने मायके जाने का इंतजार करती हैं, लेकिन इस बार भी भाजपा सरकार ने 15 ट्रेनें रद्द कर दी हैं और कई ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं, जिससे महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए रेल ही एक सस्ता और सुलभ यात्रा का साधन है, लेकिन भाजपा की असफल नीतियों के कारण त्योहारों के दौरान ट्रेनें बार-बार रद्द हो रही हैं।

राजपूत ने कहा कि लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा रेल संबंधित परेशानियों का मुद्दा संसद में उठाया गया था, लेकिन भाजपा ने अपने ही सांसद की बातों को नजरअंदाज कर दिया। भाजपा की मोदी सरकार के अंतर्गत महंगाई आसमान छू रही है, जिससे निजी वाहनों से यात्रा करना मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक सपना बन गया है। रेलवे को धीरे-धीरे बंद करने की साजिश रची जा रही है और जल्द ही इसे निजी हाथों में बेचने की योजना है।

राजपूत ने सवाल किया कि भाजपा सरकार मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के प्रति इतनी उदासीन क्यों है? महिलाओं को त्योहारों पर अपने मायके जाने से वंचित किया जा रहा है, जो सरकार की तानाशाही नीतियों का परिणाम है। उन्होंने सरकार से मांग की कि महिलाओं की खुशियों और उनके पारिवारिक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए त्यौहारों के समय ट्रेनों को रद्द न किया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Notifications Powered By Aplu