वाराणसी में श्रीकाशी मराठा गणेश महोत्सव का चौथा दिन, कल विसर्जन शोभायात्रा के साथ होगा समापन



श्रीकाशी मराठा गणेश महोत्सव का चौथा दिन, वाराणसी में बड़े धूमधाम से मनाया गया। विसर्जन शोभायात्रा कल निकलेगी।


वाराणसी। ठठेरी बाजार स्थित शेर वाली कोठी में श्रीकाशी मराठा गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय श्री गणेश महोत्सव के चौथे दिन की महाआरती सोमवार सुबह और रात 9 बजे हुई। इस महाआरती में पूर्व मंत्री और शहर दक्षिण के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी और संयुक्त पुलिस आयुक्त एस चिनप्पा ने भाग लेकर श्री गणेश से राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना की।





महोत्सव में मुंबई के प्रसिद्ध लाल बाग के राजा की उपस्थिति दर्ज कराई गई। इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त एस चिनप्पा, वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह, वाराणसी सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारी गण, संत ऋतेश्वर महराज ,सुनीता सोनी (वरिष्ठ समाजसेवी) प्रज्ञा पाठक (क्षेत्राधिकारी) का सम्मान समिति के पदाधिकारी मानिक राव पाटिल, सन्तोष पाटिल, सुहास पाटिल, आंनद राव सूर्यवंशी, अन्ना मोरे, हनुमान शिंदे ने अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह दे कर सम्मानित किया।




समिति की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें चित्रकला, मेहंदी और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में कुल 67 प्रतियोगियों ने भाग लिया। मेहंदी प्रतियोगिता में चांदनी विश्वकर्मा, अनन्या कसेरा, रीना, और अनीषा कुमार ने पुरस्कार जीते, जबकि म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में नेहा पाटिल, अर्चना पाटिल, और स्मिता पाटिल ने विशेष स्थान प्राप्त किया। इन्हें मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिंह ने प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।  




श्रीकाशी मराठा गणेश उत्सव समिति की महिला मंडल ने हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम का आयोजन किया, जहां उपस्थित महिलाओं ने एक दूसरे को हल्दी-कुमकुम लगाकर बधाई दी। विजय वाल्मीकि और उनकी टीम ने शिव-पार्वती और गणेश की विभिन्न मुद्राओं पर आधारित एक नृत्य मंचन किया, जिसने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।  




बुधवार को महोत्सव का समापन गणेश विसर्जन शोभायात्रा के साथ होगा, जो सुबह 12 बजे शेर वाली कोठी से प्रारंभ होकर चौक, ज्ञानवापी, बांस फाटक, गोदौलिया, गिरजाघर, लक्सा रोड होते हुए लक्ष्मी कुंड पहुंचेगी। श्री गणेश की मूर्ति की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन किया जाएगा। इस शोभायात्रा में महाराष्ट्र के तासगांव से आए 80 सदस्यीय दल विभिन्न कला प्रस्तुतियों के साथ शामिल होंगे।  



समारोह में प्रमुख गणमान्य व्यक्ति सर्वश्री मानिक राव पाटिल, संतोष पाटिल, सुहास पाटिल, आंनद राव सूर्यवंशी, अन्ना मोरे, हनुमान शिंदे, सची कुमार शाह,हनुमंत राव मोरे,ताना जी पाटिल, चंद्रशेखर शिंदे, अजीत पाटिल, मूसा मुलानी,सोनू पाटिल, बजरंग शिंदे, सुनील शिंदे,रवि सेठ, विनोद जाधव,शुभम पाटिल,बसंत तामखडे़, सुभाष जगताप, शंकर भगत, दीपक सूर्यवंशी,संतोष शिंदे, किशोर पाटिल, अक्षय माली,प्रकाश मिशाल, अशोक शिंदे, डा कैलाश सिंह विकास सहित अनेक गणेश भक्त शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ