बरेली में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका: 5 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी!




बरेली में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 5 की मौत। कई मकान गिरे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी। प्रशासन मौके पर मौजूद।


उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार देर शाम अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री के आसपास के आठ मकान भरभराकर गिर गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है।

घटना सिरौली थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की है, जहां रहमान शाह के घर में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। धमाके से रहमान का घर मलबे में तब्दील हो गया, साथ ही आसपास के आठ और मकानों को भी नुकसान पहुंचा। धमाके की आवाज सुनते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें रहमान शाह की बहू भी शामिल है। बरेली एसएसपी अनुराग आर्य ने एसपी ट्रैफिक और सीओ मीरगंज को मौके पर भेजा, जिन्होंने स्थिति का जायजा लिया।

15 दिन पहले फिरोजाबाद में भी हुआ था ऐसा हादसा

महज 15 दिन पहले फिरोजाबाद में भी एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में इसी तरह का धमाका हुआ था, जिसमें एक महिला और दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में लगातार हो रहे धमाकों के बावजूद, पुलिस और प्रशासन की सख्ती का अभाव इन हादसों को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है।

अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर प्रशासन का लापरवाही भरा रवैया

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रिहायशी इलाकों के बीच अवैध पटाखा फैक्ट्रियां बिना किसी रोक-टोक के चल रही हैं। आए दिन होने वाले हादसों के बावजूद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित रहती है। अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर सख्ती न होने के कारण लोगों की जानें खतरे में हैं, और ये कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ